तालाब में डूबने से तीन मासूमों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बीजापुर। जिले के पदेडा ग्राम पंचायत के हिरोलीपारा में दर्दनाक हादसा हुआ। तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय तीनों बच्चे तालाब में नहाने गए थे, इसी दौरान गहराई में जाने से वे डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मृत बच्चों की पहचान दिनेश कोरसा, नवीन हपका (कक्षा दूसरी) और मनीता हपका (आंगनबाड़ी) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र लगभग 4 से 6 वर्ष बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। बच्चों के शवों को बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए बीजापुर जिला अस्पताल लाया जाएगा। पूर्व सरपंच गुड्डू कोरबा ने बताया कि हादसा दोपहर में हुआ और इसके बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *