गरियाबंद। जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां सूखा नदी में नहाने पहुंचे एक मासूम की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक साहिल सोनकर अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए नदी गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
साथ गए दोस्तों ने जब उसे पानी में डूबते देखा तो तुरंत शोर मचाया। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बाहर निकाला गया और फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।