भाजपा सरकार के कामों पर विश्वास करते हुए नक्सली बड़ी संख्या में आत्म-समर्पण कर रहे – देवलाल ठाकुर

0 प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा : सुरक्षा बलों व पुलिस के जवानों के शौर्य से नक्सलियों के हौसले पस्त, अब नक्सली भाग खड़े होने के लिए विवश हो रहे

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने शुक्रवार को बस्तर में बड़ी संख्या में नक्सलियों द्वारा किए गए आत्म-समर्पण को भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार के नक्सलियों के समूल खात्मे के संकल्प का साकार होना बताया है। प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने कहा कि सुरक्षा बलों व पुलिस के जवानों के शौर्य व प्रयासों से नक्सलियों के हौसले इतने पस्त हो गए हैं कि अब नक्सली भाग खड़े होने के लिए विवश हो रहे हैं। इसलिए आज आत्म-समर्पण करने वाले नक्सलियों की कतार इतनी लम्बी हो गई है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संकल्प एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कामों पर विश्वास करते हुए नक्सली बड़ी संख्या में आत्म-समर्पण कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का जो संकल्प व्यक्त किया था, वह सिद्धि की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। शुक्रवार को 210 नक्सलियों के आत्म-समर्पण की जिक्र करते हुए प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने कहा कि अब पूरे देश से नक्सली समाप्त हो जाएंगे, और आदिवासी अंचल में सुख-शांति, समृद्धि व प्रगति दिखाई देने लगेगी। भाजपा की विचारधारा ही अंत्योदय व सर्वतोमुखी विकास की ओर अग्रसर होने की है और उस दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। निश्चित ही छत्तीसगढ़ में आने वाले समय में एक भी नक्सली नहीं बचेंगे और आदिवासी अंचल विकास की गाथा लिखेगा, यह भाजपा का संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *