बस्तर। ग्राम पंचायत घोटिया भवन सभागार में आज विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के विकास कार्यों और आगामी सत्र की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ग्रामसभा के अध्यक्ष के रूप में बोदा मौर्य को चुना गया।
ग्राम पंचायत सरपंच भारती बघेल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पंचायत क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही नए सत्र के लिए प्राथमिकता वाले कार्यों और योजनाओं के चयन पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में सरपंच भारती बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में सभी पात्र ग्रामीण सक्रिय रूप से भाग लें और जिनके पास पक्का मकान नहीं है, वे अपना नाम पंजीकृत कराएं ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
इस दौरान 15वें वित्त आयोग से संबंधित योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। बैठक में उप सरपंच हीरदू राम बघेल, पंचायत सचिव रीगो राम दिवान, रोजगार सहायक, वार्ड पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।