
० 72 फटाका दुकानों को आवंटटित किए भूखंड
० नगर निगम को हुई 8.64 लाख की राजस्व प्राप्ति
जगदलपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए नगर निगम जगदलपुर द्वारा लालबाग मैदान के सनसिटी गेट की ओर फुटकर पटाखा दुकान लगाने के लिए अस्थाई प्लॉटों का आवंटन किया गया। 72 पटाखा दुकानों को प्लाट्स आवंटित किए गए।प्रत्येक दुकान हेतु 15 गुणा 15 फीट का प्लॉट आवंटित किया गया है तथा पंजीयन शुल्क 12 हजार रूपए निर्धारित किया गया। 8 लाख 64 हजार कुल नगर निगम को राजस्व की प्राप्ति हुई। कलेक्टर बस्तर द्वारा कुल 102 पटाखा व्यापारियों को लाइसेंस जारी किए गए हैं। नगर निगम की ओर से प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया लॉटरी पद्धति से पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा, राजस्व निरीक्षक राकेश यादव, सहायक राजस्व निरीक्षक चंदन प्रजापति, नागेंद्र रणदिवें, राकेश नाग एवं संतोष बघेल की उपस्थिति रही। दो दुकानों के बीच 10 फीट का अंतर सुरक्षा मानकों के अनुसार छोड़ा गया है।प्लाट आवंटन प्रक्रिया महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन, आयुक्त प्रवीण वर्मा की सहमति से की गई। नगर निगम द्वारा अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के लिए अग्निशमन वाहन और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके। राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा है कि सभी पटाखा दुकानदार अग्निशामक यंत्र जरूर रखें। पटाखा दुकान किसी भी ज्वलनशील पदार्थ जैसे कपड़ा, बांस, रस्सी, टेंट इत्यादि का न होकर अज्वलनशील सामग्री से बने टीन शेड द्वारा निर्मित होना चाहिए।