
0 शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान और अनुशासित कार्यशैली के लिए मिली पहचान
बस्तर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, समयपालन और रचनात्मक शिक्षण पद्धति के लिए सेजस अलनार की व्याख्याता श्रीमती नेहा श्रीवास को “पोस्ट ऑफ द मंथ” के सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान लोहंडीगुड़ा की विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया।
“विनोबा पोस्ट” सम्मान लोहंडीगुड़ा विकासखंड में शिक्षकों के प्रदर्शन, नवाचार और शैक्षणिक अनुशासन के मूल्यांकन के आधार पर दिया जाता है। इस माह यह सम्मान शिक्षण गुणवत्ता, विद्यार्थियों की भागीदारी और विद्यालय व्यवस्था में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विनोबा पोस्ट को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित संकुल समन्वयक सुकरु राम बघेल ने कहा कि जब शिक्षक अपने कार्य को जिम्मेदारी और जुनून के साथ निभाता है, तो पूरा ब्लॉक प्रेरणा से भर जाता है। नेहा श्रीवास का यह सम्मान पूरे लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के लिए गौरव की बात है।
इस अवसर पर बीईओ श्रीमती शालिनी तिवारी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि शिक्षक समाज का सच्चा निर्माता है। समय की अनुशासनता, शिक्षण के प्रति लगन और विद्यार्थियों के प्रति स्नेह ही शिक्षा की सच्ची नींव है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद श्रीमती नेहा श्रीवास ने कहा यह पुरस्कार केवल मेरा नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत और सहयोग का परिणाम है। हमें गर्व है कि हम सब मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर पा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने नेहा श्रीवास को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।