रायपुर। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण और चंगाई सभा को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में रायपुर में आयोजित कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस में इस मुद्दे पर गहन चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ऐलान किया कि धर्मांतरण के खिलाफ जल्द ही देश का सबसे सशक्त कानून लाया जाएगा। उन्होंने चंगाई सभाओं को लोगों को गुमराह करने वाला करार देते हुए कहा, ऐसी सभाओं पर पूरी तरह रोक लगेगी।
CM की सख्ती: SP को आखिरी मौका
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान CM साय ने 3-4 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को कड़ी फटकार लगाई। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने बताया, CM ने SP को साफ हिदायत दी है कि परफॉर्मेंस सुधारें, वरना सख्त कार्रवाई होगी। जिनका प्रदर्शन खराब है, उन्हें अंतिम मौका दिया गया है।
बिहार चुनाव पर कांग्रेस को तंज
बिहार चुनाव में भाजपा की सक्रियता पर कांग्रेस के बयान पर विजय शर्मा ने करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा, कांग्रेस की पदयात्रा का क्या परिणाम निकला, ये सब जानते हैं। भाजपा के कार्यकर्ता बिहार में NDA की जीत सुनिश्चित करेंगे। शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कांग्रेस वहां लड़ेगी या टिकट बेचेगी, ये देखना बाकी है।