0 भनपुरी में होगा भव्य आयोजन, उद्योगपतियों की बड़ी मौजूदगी की संभावना
रायपुर। राजधानी के भनपुरी स्थित छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज के जीर्णोद्धार एवं नवीन साज-सज्जा से सुसज्जित हॉल का लोकार्पण आगामी दिनों में कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू एवं औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
फेडरेशन के अध्यक्ष शंकर बजाज एवं सचिव लव बंसल ने बताया कि हॉल का जीर्णोद्धार शर्मा गुड़ाखू परिवार के आर्थिक सहयोग से किया गया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह हॉल पूर्णतः वातानुकूलित है तथा इसमें लगभग डेढ़ सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था है। हॉल में अत्याधुनिक साउंड सिस्टम एवं प्रस्तुति मंच की भी व्यवस्था की गई है, जो आगे व्यापारिक गतिविधियों और औद्योगिक बैठकों के आयोजन में उपयोगी रहेगा।
कार्यक्रम में फेडरेशन से जुड़े लगभग ढाई सौ उद्योगपति सदस्य शामिल होंगे। इस अवसर पर टाटा सोलर की ओर से एक विशेष प्रस्तुतिकरण (प्रेजेंटेशन) भी दिया जाएगा।
समारोह में मंत्री ओ.पी. चौधरी का सरकार द्वारा जीएसटी में किए गए सुधारों और जनहित में दी गई रियायतों के लिए फेडरेशन की ओर से सम्मान किया जाएगा।
फेडरेशन के अध्यक्ष शंकर बजाज ने सभी व्यापारियों एवं उद्योगपतियों से आयोजन में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज पिछले तीन दशकों से प्रदेश के लघु एवं मध्यम उद्योगपतियों और व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली पंजीकृत संस्था है।