नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिन पर कुल 70 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें 7 महिला नक्सली भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली अबूझमाड़ के माड़ डिविजन से जुड़े थे, जिनमें डिप्टी कमांडर और कंपनी नंबर 6 के सदस्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लगातार सर्च ऑपरेशन, नए पुलिस कैंपों की स्थापना और सुरक्षा बलों की बढ़ती सक्रियता के कारण नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं।
गुरिया ने बताया कि सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को आर्थिक सहायता, पुनर्वास और सुरक्षित जीवन जीने के लिए सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में दो नए पुलिस बेस कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे सुरक्षा बलों की पहुंच अबूझमाड़ के दूरस्थ इलाकों तक बढ़ी है। इस बढ़ती सुरक्षा और सक्रियता के कारण ग्रामीणों में विश्वास जाग रहा है और नक्सल संगठन कमजोर पड़ रहा है।
कभी नक्सलियों का अभेद्य गढ़ माना जाने वाला अबूझमाड़ अब शांति और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।