भाजपा सहयोग केंद्र में मंत्री गजेन्द्र यादव ने सुनी कार्यकर्ताओं की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

 

रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में आज स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने सहयोग केंद्र में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं को सुना तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मंत्री यादव ने कहा कि “मंत्री बनने के बाद आज पहली बार सहयोग केंद्र में कार्यकर्ताओं की समस्याओं का निदान करने का बड़ा अवसर मिला, यह मेरा सौभाग्य है।” उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा ताकि उन्हें शीघ्र राहत मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री यादव ने स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि-विधायी विभाग से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।

भाजपा सहयोग केंद्र में प्रतिदिन अलग-अलग मंत्री कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर विभागीय मामलों की समीक्षा और समाधान कर रहे हैं। इसी क्रम में आज कई कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं मंत्री यादव के समक्ष रखीं, जिन पर तत्काल निर्देश जारी किए गए।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने, प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडे, प्रदेश कार्यालय प्रभारी अशोक बजाज, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजन साहू और आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *