
जगदलपुर। बस्तर संभाग के कांकेर जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जहां एक आंगनबाड़ी सहायिका पर धर्म विशेष का प्रचार करने, आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से ईसा मसीह के जयकारे लगवाने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी से भी की गई है।
यह गंभीर मामला कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम बोटेचांग का है। इस गांव की आंगनबाड़ी सहायिका कुंती साहू के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने महिला एवं बाल विकास विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए उनकी हटाने की मांग की है।ग्रामीणों का आरोप है कि सहायिका कुंती साहू आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से ईसा मसीह की जय बुलवाती हैं तथा केंद्र में ईसाई धर्म का प्रचार करती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह कार्य ग्राम की पारंपरिक आस्था और आदिवासी संस्कृति के विरुद्ध है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि ऐसी गतिविधियों में लिप्त सहायिका के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए और केंद्र में ऐसी महिला की नियुक्ति की जाए जो समाज की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करे।