लालबाग मैदान में बस्तर लोकोत्सव का किया शुभारंभ

0 बस्तर सांसद महेश कश्यप व कांकेर सांसद भोजराज नाग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ

जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के उपलक्ष्य में लालबाग मैदान में स्वदेशी मेला एवं बस्तर लोकोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं कांकेर सांसद भोजराज नाग ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला आरंभ हुआ।

इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, अयोध्या से पधारी रामलीला मंडली ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन कर दर्शकों को भक्ति और अध्यात्म के भाव से अभिभूत कर दिया।

बस्तर लोकोत्सव के अंतर्गत 4 से 7 अक्टूबर तक प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमों में लोकप्रिय कलाकार रुपाली जग्गा, उदय मलिक, अभिजीत सावंत, पवनदीप, चेतना भारद्वाज, तथा सक्षम कलेक्टिव बैंड (दंतेवाड़ा) सहित स्कूली छात्र-छात्राएँ भी अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, परंपराएँ और लोककला हमारी पहचान हैं। बस्तर रामायण काल में दण्डकारण्य क्षेत्र कहलाता था। इसी दंडक वन में प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल के दौरान निवास किया और रावण पर विजय प्राप्त करने हेतु लंका की ओर इसी मार्ग से अग्रसर हुए। इस दंडक वन के निवासी ही प्रभु श्रीराम की सेना में सम्मिलित हुए थे। बस्तर दशहरा के विधान मुरिया दरबार में इस वर्ष देश के गृह मंत्री अमित शाह स्वयं उपस्थित हुए, जो इस पर्व की राष्ट्रीय पहचान और बस्तर की सांस्कृतिक गरिमा को दर्शाता है। बस्तर दशहरा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है।

कांकेर सांसद भोजराज नाग ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेशी मेला और बस्तर लोकोत्सव के माध्यम से हमें अपनी लोकसंस्कृति, हस्तशिल्प और जनजातीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का अवसर मिलता है। यह आयोजन बस्तर अंचल की सांस्कृतिक आत्मा को जीवंत रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *