अमित शाह ने की बस्तर की जनता के सामने अपनी सरकार की झूठी तारीफ : दीपक बैज

0  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का भाजपा पर बड़ा हमला 

जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार की झूठी तारीफ करने और बस्तर की जनता से छल करने का आरोप लगाया है।
आज जगदलपु के ग्रैंड एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और साय सरकार को जमकर घेरा। दीपक बैज ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर में आकर बस्तर की जनता के सामने अपनी सरकार की झूठी तारीफ कर गए हैं। अमित शाह कह रहे थे साय सरकार में शिक्षा पर बड़ा काम हुआ है, मगर अमित शाह को यह नहीं मालूम है कि युक्तियुक्तकरण के कारण प्रदेश में 10,400 से अधिक स्कूल बंद हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री बैज ने कहा- अमित शाह कह रहे थे कि स्वास्थ्य के मामले में साय सरकार ने बेहतरीन कार्य किया है लेकिन वे भूल गए कि सरकारी जमीन पर एनएमडीसी के सीएसआर फंड से बना सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल हैदराबाद की निजी कंपनी को चलाने दे दिया गया है, जहां गरीबों का इलाज होना था वहां पर अब स्वास्थ्य का व्यापार होगा। शाह बस्तर ओलंपिक की बात कर रहे थे, मगर बस्तर ओलंपिक के नाम पर किए गये भ्रष्टाचार पर क्यों चुप रहे? 1400 का ट्रेक सूट 2500 में खरीदा गया, इस पर कुछ नहीं बोल। साय सरकार के भ्रष्टाचार 400 का जग 32 हजार में खरीदा गया। 1 लाख का टीवी सेट 10 लाख में खरीदा गया। 60 हजार की रोटी मेकर मशीन 8 लाख में खरीदी गई। 100 की चप्पल 1200 में खरीदी गया, इस पर अमित शाह चुप थे।

नहीं दिया इन सवालों का जवाब
दीपक बैज ने कहा बस्तर की जनता की तरफ से हमने अमित शाह से 8 सवाल पूछे थे लेकिन अमित शाह ने उनका जवाब नहीं दिया। अमित शाह के पास इन सवालों का जवाब था ही नहीं, उनमें से कुछ सवाल उनकी सरकार की बदनीयती को उजागर करते थे, इसलिए वे उनका जवाब देना ही नहीं चाहते थे। श्री बैज ने कहा कि हमने पूछा था- क्या शाह इस बात की गारंटी देंगे कि बस्तरवासियों की मंशा के खिलाफ बस्तर में अडानी या अन्य उद्योगपतियों की इंट्री नहीं होगी? एनएमडीसी का मुख्यालय बस्तर क्यों नहीं आ रहा? केंद्र सरकार नंदराज पर्वत की लीज रद्द क्यों नहीं कर रही है?नगरनार इस्पात संयत्र नहीं बिकेगा क्या इसकी गारंटी देंगे? बस्तर में आदिवासियों का फर्जी एन काउंटर अब नहीं होगा, इसी की गारंटी देंगे? आरक्षण संशोधन विधेयक कब तक लंबित रहेगा? बस्तर की तीन खदानों बैलाडीला 1-ए, 1-बी और 1- सी को मित्तल समूह और कांकेर की हाहालदी को रूंगटा को क्यों बेचा? क्या इसका जवाब अमित शाह जी देंगे? मोदी सरकार ने आदिवासियों को संरक्षण देने वाले 2006 के वन अधिकार अधिनियम में संशोधन क्यों किया? क्या अमित शाह छत्तीसगढ़ बस्तर की जनता की ओर से पूछे गए इन सवालों का जवाब नहीं दे पाए? प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से संगठन सृजन प्रभारी सप्तगिरि उल्का, सहप्रभारी प्रेमसाय सिंह टेकाम, प्रेमचंद जायसी, नोवेल वर्मा, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, उमाशंकर शुक्ला, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, जतिन जायसवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *