दंतेवाडा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज बस्तर दौरे की शुरुआत माई दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन से की। उन्होंने मंदिर प्रांगण में खड़े श्रद्धालुओं को अपने पास बुलाकर आत्मीय मुलाकात की, जो बस्तर में नक्सल प्रभावित इलाके के चलते पहले कभी देखने को नहीं मिला।

अमित शाह ने जनता से सीधे संवाद कर संदेश दिया कि बस्तर में अब भय नहीं, विश्वास है, और इसे 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद समाप्त करने की निर्धारित तिथि से जोड़ा।
श्रद्धालुओं ने पारंपरिक भजन “मुंडा बजा” गाकर गृह मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद अमित शाह ने मंदिर में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना की और माई दंतेश्वरी का आशीर्वाद लिया।
उसके बाद गृह मंत्री मुरिया दरबार की परंपरा में शामिल हुए। दरबार की शुरुआत माता दंतेश्वरी की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित कर की गई, जिसमें उन्होंने बस्तर की लोक परंपरा और संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया।