कांकेर। जिले में पुलिस ने नकली नोटों के साथ दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जो दुकानों में जाली नोट चलाने की कोशिश कर रहे थे। इनके पास से 100-100 रुपये के कुल 53 नकली नोट जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को सूचना मिली थी कि दो युवक कांकेर के दुकानों में नकली नोटों से खरीदारी करने का प्रयास कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईके एलीसेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मोहसिन खान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान एक नाबालिग के लोवर की जेब से 18 जाली नोट और दूसरे के जींस से 28 जाली नोट बरामद हुए। बाद में पूछताछ के आधार पर 7 और नकली नोट जब्त किए गए। इस तरह कुल 53 जाली नोट बरामद हुए।
कांकेर थाने में दोनों नाबालिगों के खिलाफ अपराध क्रमांक 358/2025 दर्ज किया गया, जिसमें बीएनएस की धारा 179, 180, 305, और 331(4) के तहत कार्रवाई की गई। दोनों को आज न्यायालय में पेश किया गया।