हम बांहें फैलाए खड़े हैं, रेड कार्पेट बिछाए बैठे हैं : विजय शर्मा

० नक्सलियों से शांति वार्ता पर कहा डिप्टी सीएम ने 
०  हमारा विजन क्लीयर है, लोकहित की बात करेंगे

(अर्जुन झा) जगदलपुर। नक्सलियों से शांति वार्ता के मसले पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने आज जगदलपुर में बड़ी बात कही। उन्होंने कहा- हम तो कब से रेड कार्पेट बैठे हैं, बांहें फैलाए खड़े हैं। देरी उनकी तरफ से हो रही है। उन्हें जल्दी सामने आना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा बुधवार को जगदलपुर प्रवास पर थे। वे यहां बस्तर दशहरा और इस दौरान लगने वाले मुरिया दरबार के सिलसिले में यहां आए थे। ज्ञात हो कि इस बार के मुरिया दरबार में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शिरकत करने वाले हैं। अमित शाह के जगदलपुर दौरे की तैयारियों को लेकर राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा विशेष रूप से मुस्तैद हैं और उनका जगदलपुर प्रवास इसी पर केंद्रित रहा। जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर कुछ पत्रकारों से चर्चा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे। जहां वे रात्रि विश्राम करने के बाद दूसरे दिन सुबह जगदलपुर आ जाएंगे। वे माई दंतेश्वरी के दर्शन पूजन के बाद स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सिरहासार भवन में लगने वाले मुरिया दरबार में भाग लेंगे, जहां, मांझी, चालकी, गायता, पुजारी से उनकी चर्चा होगी। हमारे सांसद महेश कश्यप मांझी, चालकियों, गायता पुजारियों के साथ उन्हें निमंत्रण देने दिल्ली गए थे। नक्सलियों से शांति वार्ता में हो रही देरी के सवाल पर विजय शर्मा ने कहा- हमारी ओर से कोई देरी नहीं हो रही है, हम तो कबसे रेड कार्पेट बिछाए बैठे हैं, हमारी सरकार बांहें फैलाए खड़ी है। देरी उनकी तरफ से हो रही है। वे आएं, उनका स्वागत है। उनके बीच जो अच्छे लोग हैं, वे वार्ता के पक्षधर हैं। ये अच्छे लोग तेलंगाना कमेटी के हों या फिर डंडकारण्य कमेटी के बिना देरी किए सामने आएं। उन्हें आने के लिए पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। सभी का सम्मानजनक पुनर्वास किया जाएगा। उनके द्वारा सुझाई गई लोकहित की बातों पर पूरा ध्यान भी दिया जाएगा। श्री शर्मा ने कहा कि हमारे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस बारे में अपना विजन क्लीयर कर दिया। इसी में नक्सलियों की, बस्तर की और छत्तीसगढ़ की भलाई है। बस्तर में धर्मान्तरण कराने वालों तथा धर्मांतरित लोगों द्वारा शासकीय जमीन पर कब्जा किए जाने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अवैध कब्जे करने वाले चाहे कोई भी हो, कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान श्री शर्मा के साथ सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय और नगर निगम के सभापति खेमसिंह देवांगन भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *