रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) की बकाया ऋण राशि 24.50 करोड़ रुपये एकमुश्त चुकाने का फैसला किया गया। यह राशि राज्य के दिव्यांगजनों को स्वरोजगार और शिक्षा के लिए न्यूनतम 3 प्रतिशत ब्याज दर पर मिलने वाले ऋण से जुड़ी हुई है।
शिक्षा विभाग से जुड़े एक महत्वपूर्ण निर्णय में मंत्रिपरिषद ने 100 स्पेशल एजुकेटर पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दी। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग के भर्ती एवं पदोन्नति नियम-2019 में एक बार की छूट दी गई है। चयन परीक्षा के स्थान पर भर्ती मेरिट के आधार पर होगी।
इसके अलावा शासकीय सेवकों की आकस्मिक वित्तीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बैंकों व वित्तीय संस्थाओं से वेतन के विरुद्ध अल्पावधि ऋण उपलब्ध कराने के प्रस्ताव आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में वित्त विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया है।
बैठक में मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रहे 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अमिताभ जैन को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं 1994 बैच के आईएएस अधिकारी विकास शील का नए मुख्य सचिव के रूप में स्वागत किया गया।