रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर गायों की मौत और तस्करी को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद राज्य से करीब 5 लाख गायें गायब हो गई हैं, जबकि 2,500 से अधिक गायों की मौत दुर्घटना या भूख से हुई है। बैज ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता कर कहा कि कांग्रेस सरकार की गौठान और गोबर खरीदी योजना को बंद करने से गायों की स्थिति बिगड़ी है।
बैज ने विभिन्न घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले करीब दो वर्षों में 850 से अधिक गायें सड़क दुर्घटनाओं में कुचली गईं, 1,200 से ज्यादा भूख और पानी की कमी से मरीं, जबकि 200 से अधिक जहरीले पदार्थ खाने से। उन्होंने रायपुर जिले के समोदा, गुल्लू और मोहरा गांवों का उदाहरण दिया, जहां 40 से ज्यादा गायें भूख से मरीं। हाल की घटनाओं में 16 सितंबर को बिलासपुर-रतनपुर हाईवे पर 19 गायें ट्रक से कुचली गईं, जिसमें एक गर्भवती गाय का पेट फट गया। उसी दिन दुर्ग जिले में 8 गायें मारी गईं। अगस्त 2025 में उच्च न्यायालय ने 90 गायों की मौत पर सरकार को फटकार लगाई थी। अन्य घटनाओं में बारीडीह में 17, बिलासपुर में 25, रतनपुर में 12, दामाखेड़ा में 9, किरना में 18, महासमुंद में 12, जांजगीर-चांपा में 16, उरला में दो दर्जन से अधिक, सिमिगा-बेमेतरा में 8 और बलौदाबाजार में एक दर्जन गायें मारी गईं।
बैज ने आरोप लगाया कि सरकार ने गौठान बंद कर वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। गो अभयारण्य या गो धाम बनाने की घोषणा सिर्फ दिखावा रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में 14 लाख गायों का प्रबंधन 10,800 गौठानों में होता था, लेकिन अब आवारा गायें समस्या बन गई हैं। बैज ने दावा किया कि दो वर्षों में पशुओं की संख्या 40% घट गई, और 5 लाख गायें तस्करी कर यूपी, महाराष्ट्र के स्लॉटर हाउस भेजी गईं। उन्होंने मोदी सरकार पर भी निशाना साधा, कहा कि भारत ब्राजील के बाद दूसरा बड़ा बीफ निर्यातक बन गया है, जो सालाना 4.3 अरब डॉलर कमाता है। भाजपा शासित राज्यों जैसे यूपी, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा स्लॉटर हाउस हैं।
कांग्रेस ने 6 कमेटियां बनाकर रिपोर्ट तैयार की है, जो गायों की मौत और तस्करी की दुखद स्थिति बताती है। बैज ने मांग की कि सरकार 5 लाख गायब गायों पर स्पष्टीकरण दे, सभी 10,800 गौठानों को पुनः शुरू करे और चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करे।