



रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 29 सितंबर को चार बड़ी विकास परियोजनाओं का एक साथ लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। यह दिन क्षेत्र के लिए विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 96 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पहली सौगात दानवीर भामाशाह वार्ड, शुक्रवारी बाजार में 3.37 करोड़ रुपये की लागत से बने नए शाला भवन के रूप में दी जाएगी। यह शाला भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है और विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को लाभान्वित करेगा।
इसके बाद ठक्कर बापा वार्ड में 19.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पानी टंकी का भूमिपूजन होगा, जिससे क्षेत्र में शुद्ध और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
इसके अलावा रिंग रोड क्रमांक 2 पर दो महत्वपूर्ण ओवरपास निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया जाएगा:
पहला ओवरपास बंगाली होटल के पास जरवाय मार्ग पर 23.89 करोड़ रुपये की लागत से और
दूसरा ओवरपास हीरापुर चौक पर 49.40 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।
इन सभी परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे।
विधायक राजेश मूणत ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा यह केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी जरूरतों का समाधान हैं। शाला भवन से शिक्षा, पानी टंकी से जनस्वास्थ्य और ओवरपास से आवागमन की समस्या दूर होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रायपुर पश्चिम को लगातार विकास योजनाओं की स्वीकृति मिल रही है। मैं इसके लिए उनका धन्यवाद करता हूं।
राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा को एक विकसित और सुविधाजनक क्षेत्र बनाने के लिए वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
29 सितंबर 2025 को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय निवासियों में उत्साह है, और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।