पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री हनुमंत कथा से रोशन होगा रायपुर – 3 अक्टूबर से होगा शुभारंभ


रायपुर।
राजधानी के गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड पर स्व. श्री पुरुषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में समाजसेवी चंदन-बसंत अग्रवाल के नेतृत्व में दूसरी बार दही हांडी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पूज्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 4 से 8 अक्टूबर तक श्री हनुमंत कथा करेंगे। कथा का प्रसारण संस्कार टीवी, बसंत अग्रवाल के आधिकारिक इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब चैनल पर दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक लाइव होगा। इसके अलावा, पं. शास्त्री किसी भी दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच अपना दिव्य दरबार भी लगा सकते हैं।

भव्य स्वागत की तैयारी

3 अक्टूबर को शाम 6 बजे पूज्य पं. धीरेंद्र शास्त्री विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां फाउंडेशन के सदस्य उनका स्वागत करेंगे। भारत माता चौक पर पहुंचने पर जनता द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद नगर भ्रमण करते हुए वे कथा स्थल, गुढ़ियारी की पावनधारा पर पहुंचेंगे, जहां फूलों की वर्षा के साथ उनका अभिनंदन होगा। कथा स्थल की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, और विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने मिलकर आयोजन की जिम्मेदारियां संभाली हैं।

सेवादारों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

रविवार को फाउंडेशन के कार्यालय में आयोजित बैठक में चंदन-बसंत अग्रवाल, संजय दुबे (प्रांत संपर्क प्रमुख), महेश बिरला (रायपुर महानगर, संघ चालक), नरेंद्र उपाध्याय (गुढ़ियारी नगर, संघ चालक), प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा नंदन जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता महानंद, सच्चिदानंद उपासने सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिति में सेवादारों को बिल्ला और बैच प्रदान किए गए।

वीआईपी मेहमानों की होगी उपस्थिति

चंदन-बसंत अग्रवाल ने बताया कि कथा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती वीणा सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मंत्रिमंडल के सहयोगी, रायपुर के चारों विधायक, नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

विशेष व्यवस्थाएं

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए समिति ने 200 ई-रिक्शा की निःशुल्क व्यवस्था की है। आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *