कवर्धा में आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म पर उबाल, सड़कों पर उतरा आदिवासी समाज

कवर्धा। जिले में आदिवासी युवती से हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया है। न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर आज आदिवासी समाज ने सिग्नल चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान धरना-प्रदर्शन से यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले युवती अपने साथी के साथ उसके घर पर ठहरी थी। किसी विवाद के बाद वह घर से बाहर निकल गई। तभी परिचित युवक कार से पहुंचे और युवती को उसके साथी समेत सुनसान जगह ले गए। महेंद्र शोरूम के पास कार में युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने उसे बस स्टैंड के पास छोड़ दिया।

पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर CCTV फुटेज और DVR जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

दुष्कर्म की इस जघन्य घटना के विरोध में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, फांसी की सजा, उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई और पीड़िता को मुआवजा देने की मांग उठाई। कलेक्टर कार्यालय के सामने भी धरना दिया गया।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात किया। आदिवासी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और अधिक उग्र होगा। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *