पेड़ों की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर कर देते हैं आदिवासी – सांसद महेश कश्यप

० नारी शक्ति के सम्मान की भावना का द्योतक है एक पेड़ मां के नाम अभियान 
०  शहीद हरचंद नाईक कॉलेज कैंपस तोकापाल में लगाए गए 251 पौधे 
०  बस्तर सांसद महेश कश्यप ने भी किया पौधरोपण 
जगदलपुर। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत राजूर स्थित शहीद हरचंद नाईक शासकीय महाविद्यालय, तोकापाल में पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत 251 पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान बस्तर के सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत पुष्प वर्षा कर, तिलक लगाकर और एनसीसी कैडेट्स ने सलामी देकर की।
तत्पश्चात् अतिथियों द्वारा महाविद्यालय में स्थित शहीद हरचंद नाईक की मूर्ति को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण विधिवत पूजा कर संपन्न किया गया।
सांसद महेश कश्यप ने कहा प्रकृति मां और जन्मदात्री मां, दोनों ही जीवन का आधार हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प है, बल्कि यह मातृ सम्मान की भावना को भी जन-जन तक पहुंचाता भी है। पेड़ों की रक्षा के लिए बस्तर की धरती पर अनेक आंदोलन और विद्रोह आदिवासी समाज ने किए हैं। अंग्रेजों द्वारा साल वृक्षों की कटाई को रोकने हेतु 1859 में हुआ विद्रोह इसका ऐतिहासिक उदाहरण है। इसके अलावा हमारे आदिवासी पूर्वजों ने जब भी समाज को शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए विद्रोह किए, तब वृक्ष की टहनी को प्रतीक चिन्ह बनाकर उसे अपने संघर्ष का ध्वज बनाया। और आदिवासी समाज आदिकाल से प्रकृति की पूजा और उसका संरक्षण प्राथमिक रूप से करता आया है और आगे भी करता रहेगा। चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि आज जब पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन बड़ी चुनौतियां बन रही हैं। ऐसे में पौधारोपण ही सबसे बड़ा समाधान है। हम सभी को पेड़ों को अपनी मां के समान मानकर उनकी देखभाल करनी चाहिए। पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप ने कहा कि बस्तर की परंपरा सदैव प्रकृति संरक्षण से जुड़ी रही है। पौधारोपण के इस अभियान से नई पीढ़ी को न केवल पर्यावरण के महत्व का बोध होगा, बल्कि समाज में हरियाली और सकारात्मकता भी बढ़ेगी। पौधरोपण के इस सामूहिक अभियान से महाविद्यालय परिसर हरित और सुरक्षित बनेगा। विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इन पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, पूर्व विधायकगण, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, जनप्रतिनिधि, वन मंडल के अधिकारी, रेड क्रॉस सोसायटी, वन समिति के सदस्य, महाविद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *