
जगदलपुर। स्वच्छता ही सेवा के तहत 188 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने तिरथा (चित्रकोट) में राष्ट्रव्यापी श्रम दान अभियान के अंतर्गत “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता और पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाए रखना था।
भवेश चौधरी, कमांडेंट 188 बटालियन सीआरपीएफ के निर्देशन में यह अभियान बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। चित्रकोट, जो बस्तर का प्रमुख पर्यटन स्थल है, में दूर-दूर से आने वाले पर्यटकों के कारण गंदगी का स्तर बढ़ जाता है। इस समस्या को देखते हुए और लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए एफ/188 वी वाहिनी ने तिरथा में साफ-सफाई अभियान चलाया।
इस अवसर पर बन्नाराम (सहा. कमाण्डेंट) ने “स्वच्छता ही सेवा” के मंत्र को अपनाते हुए सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। उन्होंने स्वयं सार्वजनिक स्थलों की सफाई में हिस्सा लिया और उपस्थित लोगों से स्वच्छता की शपथ भी दिलवाई।
कार्यक्रम में एफ/188 बटालियन के बन्नाराम, निरीक्षक/जी.डी. प्रवीण कुमार, अधिनस्थ अधिकारी एवं जवानों के साथ-साथ तिरथा ग्राम के सरपंच पनकु राम, बाल आश्रम तिरथा के बच्चे, बस्तर पर्यटन समिति तिरथा के कार्यकर्ता जेटिया राम बघेल और स्थानीय ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
सीआरपीएफ की इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। फ/188 वी वाहिनी, पुसपालघाट, बस्तर समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहित करती रही है और स्थानीय लोगों को जागरूक करने का कार्य करती रही है।