मासूम बच्चों की सेहत और जान से खिलवाड़

० बड़े देवड़ा में आंगनबाड़ी केंद्र के पास गंदगी का ढेर 
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत बड़े देवड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 के सामने लंबे समय से कचरे का ढेर जमा हुआ है। इस कचरे को समय पर उठाने और नालियों की सफाई न होने के कारण आसपास गांव की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है।
आसपास रहने वाले ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी और बदबू के चलते यहां खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है। बरसात के दिनों में यह समस्या और ज्यादा गंभीर हो जाती है क्योंकि कचरे और नाली का पानी से इलाके में दुर्गंध फैलता है।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार कचरा जमा होने और गंदगी से मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसकी वजह से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कई ग्रामीण पहले ही बुखार और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सफाई की व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह कचरे का ढेर आंगनबाड़ी केंद्र के सामने है, जहां छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन पढ़ने और पोषण आहार लेने आते हैं। इस गंदगी और बदबू भरे माहौल में बच्चों का स्वास्थ्य सीधा प्रभावित हो रहा है। माता-पिता भी इस स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं।

शिकायत की अनदेखी
गांव के लोगों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और पंचायत स्तर के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्राम पंचायत की अनदेखी के चलते ग्रामीणों को रोजाना बदबू, गंदगी और मच्छरों के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों की मांग है कि तत्काल कचरे की सफाई करवाई जाए, नालियों की नियमित सफाई हो, और गांव में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थायी रूप से कचरा निस्तारण की व्यवस्था की जाए ताकि बच्चों और ग्रामीणों को इस तरह की गंभीर समस्या से दोबारा न जूझना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *