भाजपा सरकार की मुनाफाखोरी नीति के कारण महंगी बिजली का दंश झेल रही जनता, सिर्फ प्रायोजित लुट – सुशील मौर्य

0 छत्तीसगढ़ में सरप्लस बिजली होने के बावजूद बिजली महंगी करना भाजपा सरकार का प्रदेश की जनता पर अत्याचार

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली महंगी होने को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया है। मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार की मुनाफाखोरी नीति के कारण प्रदेश की जनता महंगी बिजली का दंश झेल रही है और यह केवल “प्रायोजित लूट” है, जिसका खामियाजा सीधे आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार द्वारा बिजली बिल हाफ योजना को बंद करने का असर इस माह के बिजली बिल में साफ दिख रहा है। लोगों को इस माह दुगुना बिल प्राप्त हुआ है। मौर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही बढ़ती महंगाई से परेशान है और अब साय सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण उन्हें महंगी बिजली खरीदकर अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ रहा है।

सुशील मौर्य ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 400 यूनिट तक की खपत पर हाफ बिल योजना लागू की थी, जिससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलती थी। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने इस सीमा को घटाकर केवल 100 यूनिट कर दिया है। 100 यूनिट से अधिक खपत होने पर पूरा बिल देना पड़ रहा है, जिससे आम आदमी के लिए बिजली महंगी हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चार बार बिजली बिल बढ़ाया और हाफ बिजली योजना को घटाकर जनता के लिए कठिनाइयाँ बढ़ा दी हैं। इसके अलावा स्मार्ट मीटर और प्रीपेड मीटर लगाने की तैयारी भी हो रही है, जो उपभोक्ताओं पर और बोझ डालेगा।

मौर्य ने चेतावनी दी कि अगर भाजपा सरकार जनता को राहत नहीं देती है, तो कांग्रेस पार्टी आगामी समय में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *