दुर्ग। पुलिस ने कुम्हारी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई में 6 करोड़ 60 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। यह नकदी महाराष्ट्र रजिस्ट्रेशन की दो स्कॉर्पियो गाड़ियों से बरामद की गई, जो रायपुर से गुजरात जा रही थीं। गाड़ियों में सवार चार व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है, जो नकदी के स्रोत के बारे में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुम्हारी क्षेत्र में संदिग्ध गाड़ियां नकदी ले जा रही हैं। इसके बाद आज सुबह की गई जांच में यह राशि बरामद हुई। मौके पर डीएसपी अलेक्जेंडर किरो और कुम्हारी टीआई जनक कुर्रे की टीम पहुंची और कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चारों व्यक्ति गुजरात के मूल निवासी हैं और यह नकदी रायपुर से गुजरात ले जाई जा रही थी। पूछताछ में संदिग्धों ने बताया कि वे ऊपरी निर्देशों के आधार पर रास्ते में इस नकदी को बांटते हुए जा रहे थे।
नकदी के स्रोत और इसके उपयोग को लेकर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखाए जाने से पुलिस को शक है कि यह राशि हवाला कारोबार से संबंधित हो सकती है, जिसे विभिन्न स्थानों पर खपाने की योजना थी। इस मामले में आयकर विभाग की टीम भी कुम्हारी थाने पहुंच चुकी है और नकदी के स्रोत व इसके गंतव्य की जांच कर रही है।
पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त जांच में इस मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है, ताकि नकदी के अवैध उपयोग और इसके पीछे के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।