रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारो से चर्चा करते हुये कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दूसरी बार प्रेस कांफ्रेंस कर मतदाता सूची में की गई गड़बड़ियों का साक्ष्य प्रस्तुत किया है। पहली प्रेस कांफ्रेंस में 7 अगस्त को राहुल गांधी जी ने साबित किया था महाराष्ट्र, कर्नाटक में बड़ी संख्या में फर्जी मतदाताओं को जोड़ा गया था। कल की प्रेस कांफ्रेंस में राहुल जी ने साबित किया कि जानबूझ कर मतदाताओ के नाम काटे गए। सॉफ्टवेयर का उपयोग कर के कर्नाटक की अलंग विधानसभा में 6018 वोटर के नाम डिलीट किए गए। एक मोबाइल से 12 मिनट में 14 वोटरों के नाम काटे गए। 2018 के विधानसभा चुनाव में जिन बूथों में कांग्रेस जीती थी वहां के नाम काटे गए। राहुल गांधी के आरोपों का तथ्यात्मक जवाब देने के बजाय चुनाव आयोग बहाने बाजी कर रहा है ।
कांग्रेस की वोट चोर गद्दी छोड़ कार्यक्रम को राज्य की जनता का भरपूर समर्थन मिला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 16 सितम्बर से 18 सितंबर तक प्रभारी सचिन पायलेट की उपस्थिति में कांग्रेस ने रायगढ़ से भिलाई तक वोट चोर गद्दी छोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में हस्ताक्षर अभियान, पदयात्रा, मशाल रैली, जनसभाएं, मोटर सायकल रैली निकाला गया। रायगढ,़ कोरबा, रतनपुर, तखतपुर, मुंगेली, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई सभी जगह हमारे कार्यक्रमों में स्वस्फूर्त बड़ी संख्या में लोग आए। पूरे प्रदेश में कांग्रेस के इस कार्यक्रम में भागीदारी करके यह बता दिया कि वह भाजपा की वोट चोरी के खिलाफ है ।
भाजपा सरकार के मंत्री पार्टी पदाधिकारियों से नहीं मिल रहे आम आदमी की छोड़ो
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सत्ता के नशे में भाजपाई मंत्री और सरकार में बैठे हुए लोग खुद को खुदा समझने लगे है। बताते है कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के लोग महीनों से मंत्री चौधरी से समय मांग रहे थे अंततः उनके पीए ने मिलने का समय दिया। जब पदाधिकारी मिलने मंत्री के निवास पहुंचे तो उन्हें 45 मिनट तक गेट पर रोके रखा गया। किसी तरह मिन्नते करने के बाद जब वे अंदर गए तब घंटों इंतजार के बाद भी मंत्री महोदय अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को मिलने नहीं बुलाए बेचारे अपमानित और आहत हो कर उनके निवास से बिना मिले ही चले आए। सोचिए जब भाजपा के नेताओं के साथ यह व्यवहार हो रहा है, तब कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ क्या हो रहा होगा?
बढ़े बिजली बिल के कारण जनता परेशान हो रही
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस माह बढ़े हुए आए बिजली बिल के कारण जनता परेशान हो गई है। औसतन हर उपभोक्ता का बिजली बिल दुगुना आया है। बिजली बिल ज्यादा आने का तीन कारण है :-
1. सरकार ने बिजली के दाम बढ़ा दिया है।
2. बिजली बिल हाफ योजना बंद हो गई।
3. स्मार्ट मीटर लगाए गए है जो अनाप शनाप खपत से अधिक रीडिंग बता रहा जिससे बिल अधिक आ रहा।
कांग्रेस पार्टी इस बढ़े हुए बिजली बिल का विरोध करती है, सरकार आम जनता को लुट रही है। महतारी वंदन का एक हजार रुपये दे कर महंगाई बढ़ा कर उसका कई गुना अधिक वसूला जा रहा है।