0 नहीं दिया अगस्त का चावल, अब की जा रही है बहानेबाजी
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मोखागांव की शासकीय राशन दुकान में बड़ी अनियमितताओं का मामला उजागर हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अगस्त माह का चावल उन्हें बिल्कुल भी नहीं दिया गया। जबकि शासन से स्पष्ट निर्देश है कि प्रत्येक माह पात्र हितग्राही को निर्धारित समय पर पूर्ण मात्रा में राशन उपलब्ध कराना है।
ग्रामीणों ने बताया कि दुकान संचालक द्वारा बार-बार बहाने बनाए जा रहे हैं। कभी स्टॉक न आने की बात कही जाती है तो कभी मशीन खराब होने का हवाला दिया जाता है। लोगों को संदेह है कि शासन से आया अनाज खुले बाजार में ऊंचे दाम पर बेचा जा रहा है। गांव के कई परिवारों को पिछले 2–3 महीनों से पूरा राशन नहीं मिल रहा है। नाम काटने, वजन कम करने और वितरण में गड़बड़ी की भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थिति यह है कि गरीब और मजदूर वर्ग के परिवारों को निजी दुकानों से चावल और गेंहू खरीदना पड़ रहा है, जिससे उनका आर्थिक बोझ और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन दुकान की इन गड़बड़ियों की जानकारी बार-बार पंचायत स्तर और संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग से मांग की है कि तत्काल दुकान का निरीक्षण कर जिम्मेदार संचालक पर कड़ी कार्रवाई की जाए और अगस्त माह का बकाया चावल हितग्राहियों को तुरंत उपलब्ध कराया जाए।