सुकमा। जिले के केरलापाल थानाक्षेत्र में गुरुवार सुबह जवानों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में पांच लाख रुपये की ईनामी महिला माओवादी बुस्की नुप्पो (ACM मलेंगर एरिया कमेटी) मार गिराई गई। मौके से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है।
एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे गुफ़ड़ी गांव के समीप जंगल में माओवादियों के एकत्रित होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर सुरक्षाबल वहां पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हुई। इलाके की सर्चिंग के दौरान महिला माओवादी का शव और उनके कब्जे से 315 बोर की रायफल, कारतूस, वायरलेस सेट और कॉर्डेक्स वायर जैसी विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
जानकारी के अनुसार, बुस्की नुप्पो माओवादी संगठन की कई बड़ी घटनाओं में शामिल रही थी। एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि माओवादियों के खिलाफ ऑपरेशन और तेज कर दिए गए हैं।