दुर्ग। जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए हुडको क्षेत्र में सुधाकर रावटे के घर पर छापा मारा। ईडी की छह सदस्यीय टीम सुबह दो गाड़ियों में सवार होकर रावटे के आवास पहुंची और कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की। टीम सुधाकर रावटे से पूछताछ भी कर रही है।
यह मामला 140 करोड़ रुपये से अधिक के कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़ा है। ईडी की टीमें प्रदेश के 10 अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर रही हैं। इस मामले में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा और कारोबारी अनवर ढेबर की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, कस्टम मिलिंग के लिए प्रति क्विंटल 20 रुपये के भुगतान के आधार पर बिलों का भुगतान किया जाता था। केवल उन मिलर्स को राशि जारी की जाती थी, जिनका नाम भुगतान सूची में शामिल होता था। ईडी ने इस मामले में 3500 पेज का चालान पेश किया है, जिसमें 35 पेज की समरी भी शामिल है।