ग्रामीण शिक्षा में क्रांति: शिक्षा दूत से सम्मानित शिक्षिका गिरिजा साहू ने सरकारी स्कूल को भेंट किया स्मार्ट टीवी

बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक अनोखी पहल ने शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा दिखाई है। शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका गिरिजा साहू ने बस्तर ब्लाक ग्राम पंचायत राजपुर के प्राथमिक शाला मावलीगुड़ा में स्मार्ट टीवी भेंट किया है, जिससे अब बच्चों की पढ़ाई और भी रोचक और प्रभावशाली होगी।स्मार्ट टीवी मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने लायक थी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रेरणादायक शॉर्ट फ़िल्म “चलो जीते हैं” देखी, जिसने उनके उत्साह और आत्मविश्वास को बढ़ाया।
इस स्मार्ट टीवी की मदद से अब बच्चों को विभिन्न विषयों को समझने में मदद मिलेगी। वीडियो, चित्र और एनिमेशन के माध्यम से कठिन विषयों को सरल बनाया जा सकेगा, जिससे विद्यार्थियों की सीखने में रुचि बढ़ेगी और नवोदय और एकलव्य जैसी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर होगी।

शिक्षिका गिरिजा साहू ने कहा कि वह स्वयं एक सरकारी विद्यालय की छात्रा रही हैं और उन्हें बच्चों की कठिनाइयों का पूर्ण अनुभव है। उन्होंने कहा कि “सुविधाओं की कमी से प्रतिभा रुक जाती है। मैं चाहती हूँ कि हमारे गांव के बच्चे भी बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने का आत्मबल रखें।”
सभी ने इस पहल की सराहना की और शिक्षिका के योगदान को सराहा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शोभी राम बघेल और समस्त बच्चों ने शिक्षिका का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह स्मार्ट टीवी केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।”इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि रघुनाथ कश्यप,बोगीराम कश्यप, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष जगत सिंह कश्यप,बुधमन कश्यप,संकुलन प्राचार्य चरण बघेल, संकुल समन्वयक गजेन्द्र सिंह ठाकुर एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *