
0 मोदी के जन्मदिन पर दिखाई गई प्रेरक फिल्म
बकावंड। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती धूमधाम से मनाई गई तथा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को प्रेरणादायी लघु फिल्म “चलो जीते हैं” दिखाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य मनोज शंकर के नेतृत्व में भगवान विश्वकर्मा एवं विद्यालय के समस्त मशीनी उपकरणों की पूजा-अर्चना से हुई। इस अवसर पर शिक्षक शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। प्राचार्य ने भगवान विश्वकर्मा के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस हमें कला, कौशल और परिश्रम के महत्व को समझने का अवसर देता है।
इसके बाद विद्यालय प्रांगण में विद्यार्थियों को “चलो जीते हैं” फिल्म दिखाi गई। इस फिल्म के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल अपने लिए जीना नहीं, बल्कि समाज और दूसरों के लिए समर्पित होना है। फिल्म के नायक “नारू” के माध्यम से सेवा, त्याग और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा विद्यार्थियों तक पहुंचाई गई। विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति जिम्मेदारी का विकास करना था। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को न केवल प्रेरणा मिलती है, बल्कि उनमें अच्छे नागरिक बनने की सकारात्मक सोच का भी विकास होता है। पूरे विद्यालय परिवार ने उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।