सरपंच का चुनावी वादा पूरा करने राशन में डंडीमारी!

0 हर उपभोक्ता को दे हैं 400 ग्राम कम राशन 
0 सरपंच ने किया था सदस्य के निधन पर परिवार को एक बोरी चावल देने का वादा 
(अर्जुन झा)जगदलपुर। बस्तर ब्लाक की ग्राम पंचायत मधोता-2 से एक बड़ा ही दिलचस्प और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खबर है कि अपने चुनावी वादे को पूरा करने के लिए सरपंच द्वारा शासकीय उचित मूल्य की दुकान में राशन की डंडीमारी करवाई जा रही है। हर कार्ड पर 400 ग्राम कम राशन उपभोक्ताओंको दिया जा रहा है।
खबरों के मुताबिक ग्राम पंचायत मधोता- के कुंडगुड़ा में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन सामग्री वितरण में अनियमितता की शिकायतें सामने आई हैं। आरोपों के अनुसार, वर्तमान विक्रेता द्वारा निर्धारित मात्रा से कम राशन वितरण किया जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति को 400 ग्राम कम राशन दिया जा रहा है। अभी तक लगभग 150 उपभोक्ताओं को राशन का वितरण किया जा चुका है।पूर्व राशन विक्रेता ने वर्तमान विक्रेता पर आरोप लगाया है कि वह अपनी गलती छुपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहा है और उल्टे आरोप पूर्व विक्रेता पर लगा रहा है। पूर्व विक्रेता ने कहा कि पांच साल से उनके द्वारा राशन वितरण किया जा रहा था और गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं आई थी। पूर्व विक्रेता ने आरोप लगाया है कि वर्तमान विक्रेता और सरपंच द्वारा पहले उचित मूल्य दुकान पर मीडिया कर्मी को बुलाकर राशनकार्ड बनाने के लिए रूपए लेने का इल्जाम लगाया और मुझे बदनाम किया गया। यह सब राशन दुकान की बागडोर हथियाने के लिए किया गया था। पूर्व विक्रेता ने कहा कि सरपंच ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था चुनाव जीतने पर ग्राम पंचायत में किसी भी परिवार में सदस्य का निधन होने पर वे अपनी ओर से एक हजार रुपए नगद या रुपए के बदले में एक बोरी लगभग 50 किलो चावल देंगे। आरोप है कि इसी वादे को पूरा करने के लिए ग्रामीणों को शासकीय उचित मूल्य दुकान से चावल कम दिया जा रहा है। सरपंच पर एक पक्षीय काम करने और वर्तमान विक्रेता का बचाव करने का आरोप लगाया गया है। पूर्व विक्रेता ने मांग की है कि इस मामले में प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इससे न केवल ग्रामीणों को उनका हक मिलेगा, बल्कि शासकीय योजनाओं के कार्यान्वयन में भी सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *