० बस्तर जिले में कई सेंटर्स चल रहे हैं बिना पंजीयन
० धड़ल्ले से होता है भ्रूण लिंग परीक्षण : हेमंत
जगदलपुर। बस्तर जिला युवा कांग्रेस के बस्तर उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने बस्तर जिले में कई अवैध अल्ट्रासाउंड सोनोग्राफी सेंटर्स संचालित होने और वहां भ्रूण लिंग परीक्षण किए जाने का मामला उठाया है। इस बाबत हेमंत कश्यप के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बस्तर को ज्ञापन सौंप कर पीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने आज जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूर्व-गर्भाधान एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम 1994 के सख्त अनुपालन की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि जिले में कई स्थानों पर अवैध अल्ट्रासाउंड सोनोग्राफी केंद्र एवं भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। यह समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक है। यह अधिनियम कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा पर रोक लगाने एवं लिंगानुपात संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से बनाया गया है, किंतु इसके प्रभावी क्रियान्वयन के बिना समाज में गंभीर असंतुलन उत्पन्न होगा। युवा कांग्रेस ने मांग रखी कि जिले के सभी अल्ट्रासाउंड सोनोग्राफी केंद्रों की नियमित जांच की जाए। बिना पंजीयन संचालित केंद्रों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। आम जनता को इस कानून की जानकारी देने हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। युवा कांग्रेस ने अपेक्षा व्यक्त की है कि जिला प्रशासन इस गंभीर विषय पर त्वरित और प्रभावी कदम उठाएगा। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप, जिला सचिव विजय भारती, कृष्णा उपाध्याय, समीर कुरैशी आदि उपस्थित थे।