रायपुर में उमड़ेगी आस्था की बयार: बागेश्वर धाम सरकार की ‘श्री हनुमंत कथा’ का आगाज, तैयारियां तेज़

रायपुर। राजधानी रायपुर अक्टूबर माह में अध्यात्म और भक्ति का अद्भुत संगम बनने जा रहा है। गुढ़ियारी की पावन धरती पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पूज्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने श्रीमुख से ‘श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार’ की अमृत वर्षा करेंगे। यह विराट आयोजन स्व. पुरुषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में, युवा समाजसेवी चंदन–बसंत अग्रवाल के नेतृत्व में आगामी 4 से 8 अक्टूबर 2025 तक भव्य पैमाने पर होगा।

कार्यक्रम कार्यालय का शुभारंभ

आयोजन की तैयारियों को धार देने के लिए आज 14 सितंबर को गुढ़ियारी में कार्यक्रम कार्यालय का विधिवत शुभारंभ हुआ। विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुए उद्घाटन में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यालय अब आयोजन की कमांड सेंटर की भूमिका निभाएगा, जहां से लाखों भक्तों के लिए होने वाली व्यवस्थाओं विशाल पंडाल, भंडारा, पेयजल, यातायात, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था का संचालन होगा।

सेवाभाव से बंधे सेवादार

उद्घाटन के बाद हुई अहम बैठक में प्रत्येक व्यवस्था की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सेवादारों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गईं, ताकि आयोजन त्रुटिहीन और दिव्य बने।

आयोजन को लेकर उत्साह

पत्रकार वार्ता में आयोजक बसंत अग्रवाल ने कहा यह हम सभी छत्तीसगढ़वासियों का सौभाग्य है कि पूज्य गुरुदेव पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी पुनः रायपुर आ रहे हैं। उनका आगमन प्रदेश के लिए एक महान आध्यात्मिक पर्व है। हमारा संकल्प है कि हर भक्त को सहज, सुरक्षित और अविस्मरणीय अनुभव मिले।”

उन्होंने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में सभी समाजों का सहयोग मिल रहा है और कार्यालय शुभारंभ के साथ ही तैयारियां अब पूरे जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं।

रायपुर बनेगा आस्था का केंद्र

शहर में भक्तों के बीच कथा को लेकर जबरदस्त उत्साह है। गली-गली में चर्चा है कि इस बार गुढ़ियारी की धरती पर आस्था का ऐसा महासागर उमड़ेगा, जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई देगी।

इस मौके पर महेश शर्मा, विनोद अग्रवाल, श्रवण शर्मा, वीरेंद्र पारख, डॉ. विकास अग्रवाल, हेमंत साहू, आज़ाद गुर्जर, रमेश बंसल, पुष्पेंद्र उपाध्याय, जगदेव अग्रवाल, सतनारायण स्वामी, मोहन उपरकार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *