लेंपस सोसायटी प्रबंधक पत्नी का विभागीय काम निपटा रहा है पति

0  कचनार लेंपस सोसायटी में मैडम राव की जगह मिस्टर राव का कब्जा 
(अर्जुन झा) बकावंड। विकासखंड बकावंड जितना शिक्षित और जागरूक है, उससे डेढ़ गुना होशियार विकासखंड में कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारी हैं। विकासखंड में एक अदभूत मामला सामने आया है। एक लेंपस सोसायटी में तैनात महिला प्रबंधक का सारा कामकाज उनके पतिदेव सम्हाल रहे हैं।खाद वितरण, लोन से लेकर हर काम मिस्टर जी निपटा रहे हैं। मामला कलेक्टर तक पहुंचा है।
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया है कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति कचनार में प्रबंधक ललिता राव, विक्रेता दिनेश पाण्डे, कम्प्यूटर ऑपरेटर हेमंत पाण्डे और चौकीदार दामोदर बघेल पदस्थ हैं। प्रबंधक ललिता राव के पति बी. एन. राव द्वारा सोसायटी के समस्त कार्यों में दखलंदाजी करने से लेंपस के अंतर्गत आने वाले किसान परेशान व त्रस्त हैं। प्रबंधक के पति का खाद वितरण, वाउचर तैयार करने, के.सी.सी. प्रकरण तैयार करनाे तथा धान खरीदी में भी पूरा हस्तक्षेप रहता है। प्रबंधक के आक्रामक रवैए व दुर्व्यवहार से भी किसान परेशान रहते हैं। महिला होने का फायदा उठाते हुए वे किसानों से कहती हैं कि, lज्यादा कुछ बोलोगे तो परेशान करने के नाम पर रिपोर्ट दर्ज करा दूंगी। इस भय से किसान व पदस्थ कर्मचारी भी मौन रहकर उनकी लापरवाही को झेल रहे हैं। प्रबंधक द्वारा अपने पति को विभागीय कार्यों में संलिप्त रखना, मनमानी व लापरवाही और पद के दुरूपयोग को दर्शाता है। प्रबंधक के पति की लेंपस कचनार में कार्य करते फोटो भी शिकायत के साथ सबूत के तौर पर प्रस्तुत की गई है। लेंपस सोसायटी कचनार के प्रबंधक व उसके पति के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच कर प्रबंधक को हटाने की मांग की गई है। मामले की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बकावंड, अध्यक्ष, भारतीय किसान कल्याण संघ छग, उप पंजीयक जगदलपुर, संयुक्त पंजीयक जगदलपुर बस्तर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी मर्या केंद्रीय बैंक जगदलपुर से भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *