घायल सीआरपीएफ जवान से मुलाकात कर विजय शर्मा ने बढ़ाया हौसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा ने नारायण अस्पताल में भर्ती सीआरपीएफ 195 बटालियन के घायल जवान आलम मुनेश और उनके परिजनों से मुलाकात की। यह मुलाकात आईईडी विस्फोट में घायल हुए जवान के स्वास्थ्य की जानकारी लेने और उनके परिवार को सरकारी राहत प्रावधानों की जानकारी देने के लिए की गई।

गृह मंत्री ने बताया कि आईईडी ब्लास्ट के कारण जवान का बायां पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को अब स्थिर और खतरे से बाहर बताया है। उन्होंने जवान के परिवार से भी चर्चा की और सरकारी प्रावधानों के तहत उपलब्ध सहायता पर बात की।

पत्रकारों से बातचीत में गृह मंत्री ने नक्सलियों के खिलाफ चल रही कार्रवाइयों पर भी अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि नक्सली सीसी मेंबर सुजाता ने तेलंगाना में आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कहा, “अब नक्सलियों में सीसी मेंबर की संख्या काफी कम हो गई है। ये वही लोग हैं जो भटकाकर नक्सलवाद को बढ़ावा देते हैं। अब वे समझ रहे हैं कि उन्हें मुख्यधारा में शामिल होना चाहिए।”

उप मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि नई सरकार के गठन के बाद बस्तर में लगभग 1300 लोगों ने पुनर्वास किया है, 1250 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, और 400 से ज्यादा नक्सलियों को निष्प्रभावी किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले 4 से 6 महीनों में नक्सलियों को कमजोर करने की प्रक्रिया और तेज होगी।

इसके साथ ही, गृह मंत्री ने बस्तर दशहरा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना पर कहा, “मुरिया दरबार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के आने की संभावना है। मांझी समुदाय चाहता है कि अमित शाह बस्तर दशहरा में हिस्सा लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *