जगदलपुर। भारतीय युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप और उनके साथियों ने आज जिला पंचायत बस्तर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 14वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि के उपयोग में पारदर्शिता और ग्राम सभा की वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की गई।
युवा कांग्रेस ने बताया कि कई ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए आवंटित राशि का खर्च मनमाने तरीके से किया जा रहा है और ग्राम सभाएँ केवल कागजी दस्तावेज़ बनकर रह गई हैं। इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और पारदर्शिता दोनों प्रभावित हो रही हैं।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
-
14वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग की गहन जाँच की जाए।
-
ग्राम सभाओं को वास्तविक रूप से आयोजित कर ग्रामवासियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
-
कागजी ग्राम सभाओं और फर्जी हस्ताक्षरों पर रोक लगाने के लिए कठोर दिशा-निर्देश जारी हों।
-
दोषी सरपंचों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए।
जिला पंचायत अधीक्षक व्ही.आर. सिन्हा ने आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर जाँच कमेटी गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इस विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप, जिला सचिव विजय भारती, कृष्णा उपाध्याय, समीर कुरैशी, एकादशी बघेल और रामचंद्र बघेल उपस्थित रहे।