भानपुरी में सोशल मीडिया विवाद: कलार और साहू समाज ने दर्ज कराई शिकायत

जगदलपुर। बस्तर के भानपुरी ब्लॉक इकाई के कलार समाज के पदाधिकारियों ने आज भानपुरी थाना पहुंचकर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में बताया गया है कि ग्राम बुदेली, तहसील नरहरपुर, जिला कांकेर निवासी मनोज कुमार मंडावी ने अपने फेसबुक अकाउंट से लगातार कलार और साहू (तेली) समाज के खिलाफ जाति सूचक, अश्लील और आपत्तिजनक पोस्ट किए हैं।

समाज के लोगों का आरोप है कि आरोपी ने केवल दोनों समाजों के लिए अपमानजनक भाषा का उपयोग नहीं किया, बल्कि देवी-देवताओं, भारत देश, संविधान और कानून व्यवस्था पर भी अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया। इस वजह से समाज के लोगों की भावनाएँ आहत हुई हैं और व्यापक आक्रोश फैल गया है।

दोनों समाजों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कठोर और दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। भानपुरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही कार्रवाई करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *