छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस: प्रधानमंत्री मोदी रहेंगे मेहमान, रजत जयंती समारोह में लेंगे हिस्सा

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ इस वर्ष अपनी स्थापना के 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जिसे रजत जयंती के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर को विशेष बनाने के लिए राज्य सरकार ने इसे ‘अटल निर्माण वर्ष’ घोषित किया है, क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था।

मुख्यमंत्री साय आज मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में हिस्सा लेने कोरबा रवाना हुए। इस दौरान स्टेट हैंगर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को होने वाला राज्योत्सव इस बार रजत जयंती के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है और इसके लिए पत्र भी भेजा गया है। अगले 25 हफ्तों तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से यह उत्सव मनाया जाएगा।

नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा की नई इमारत लगभग तैयार हो चुकी है। संभावना है कि 1 नवंबर को रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रह सकते हैं। उद्घाटन के बाद नई विधानसभा भवन से ही विधानसभा का सत्र शुरू होने की तैयारी है। इसके लिए प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) लगातार कार्य में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *