मचांदुर मामले में गृह मंत्री का आचरण आपत्तिजनक – कांग्रेस

० गृह मंत्री अपनी संविधान के रक्षा की शपथ का उल्लंघन कर रहे है

रायपुर। दुर्ग के मंचादुर में झंडे लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद गृह मंत्री विजय शर्मा का आचरण बेहद ही आपत्तिजनक है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि गृह मंत्री ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को झंडा लगाने भेजकर अपने पद की मर्यादा का उल्लंघन किया है। हर व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार अपने घर में अपने धर्म का प्रतीक चिन्ह झंडा आदि लगाने का अधिकार है। गृह मंत्री को यह पता लगाना था कि पुलिस के लोग उस व्यक्ति के झंडा लगाने पर क्यों आपत्ति व्यक्त कर रहे थे? वहां पर परिस्थितियां क्या थी, गृह मंत्री या तो पूर्वाग्रही होकर काम कर रहे या फिर वे खुद प्रदेश का सौहार्दय बिगाड़ना चाह रहे है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि गृह मंत्री विजय शर्मा जी को यह समझना होगा कि वे अब प्रदेश के गृह मंत्री है। भाजयुमो या बजरंग दल के कार्यकर्ता नहीं, प्रदेश की शांति और कानून व्यवस्था को बनाये रखने की जवाबदारी उनकी है। यदि उनके ही विभाग के जिम्मेदार जवान किसी कार्यवाही को कर रहे है तो उन्हें पहले उसका पता लगाना था, न कि अतिवादी चरित्र का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए भाजयुमो अध्यक्ष को वहां झंडा लगाने भेजना था, पुलिस ने इस कार्यवाही के दौरान जिस तरह की गाली-गलौच किया गृह मंत्री को उस पर ध्यान देना था।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विजय शर्मा ने अपने आचरण से मंत्री पद के लिए संविधान के रक्षा की जो शपथ लिया है उसका उल्लंघन किया है। उन्होंने अपनी शपथ में बिना भेदभाव के सभी के साथ न्याय करने का शपथ लिया है इस शपथ का वे खुला उल्लंघन कर रहे है।

कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि अपने शपथ का उल्लंघन करने के लिए राज्यपाल, गृह मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *