
भानपुरी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर भानपुरी ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मंत्री पर एक चतुर्थ वर्ग कर्मचारी को थप्पड़ मारने और उसकी माँ के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप है।
कांग्रेसजनों ने घटना की निंदा करते हुए करन्दोला मुख्य चौक पर मंत्री का पुतला दहन किया और मंत्री निवास कार्यालय का घेराव कर घंटों तक धरना दिया। इस दौरान हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर निवास की ओर बढ़े। पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे और विरोध जारी रखा।
पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री सत्ता के अहंकार में छोटे कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मंत्री कश्यप तत्काल इस्तीफा दें, अन्यथा कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों लोग शामिल हुए और मंत्री के खिलाफ जमकर नारे लगाए।