3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में ED ने कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर महामंत्री मलकीत गैदु को सौंपा चालान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने आज अचानक कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रवेश किया। ईडी अधिकारियों ने कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैदु को 3200 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में चालान की कॉपी सौंपी। ईडी की इस कार्रवाई से कांग्रेस भवन में कौतूहल का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम सुकमा स्थित कांग्रेस भवन को प्रोविजनल अटैचमेंट से संबंधित दस्तावेज सौंपने पहुंची थी। औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ईडी की टीम वहां से रवाना हो गई। इस मामले पर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले की जांच का हिस्सा है। इस मामले में ईडी ने सुकमा स्थित कांग्रेस कार्यालय को अटैच किया है, जो देश में किसी राजनीतिक दल के कार्यालय को अटैच करने का पहला मामला है। इसके अलावा, पूर्व मंत्री कवासी लखमा और उनके बेटे हरीश लखमा की रायपुर में लगभग 6 करोड़ रुपये की संपत्ति भी अटैच की गई है। इसमें सुकमा की भूमि, भवन और बैंक खातों में जमा राशि शामिल है। सुकमा कांग्रेस कार्यालय का स्वामित्व हरीश लखमा के नाम पर बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *