
रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारी 18 अगस्त से हड़ताल पर हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं राज्यभर में बाधित हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती करते हुए 25 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया, जिनमें NHM संविदा कर्मचारी संगठन के प्रदेश संरक्षक हेमंत सिन्हा और महासचिव कौशलेश तिवारी भी शामिल हैं।
सरकार ने पहले कर्मचारियों को 24 घंटे में ड्यूटी ज्वॉइन करने का आदेश दिया था और अनुपालन न होने पर बर्खास्तगी की चेतावनी दी थी। NHM कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन बातचीत के रास्ते बंद कर दबाव बना रहा है, इसलिए उनका प्रोटेस्ट जारी रहेगा।
कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अलग-अलग प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें पीएम, सीएम और स्वास्थ्य मंत्री के मुखौटे पहनकर डांस करना और खून से सरकार को लेटर लिखना भी शामिल है। सरकार ने 10 में से 5 मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन समाधान नहीं निकला। हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर प्रभाव पड़ा है और अब प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।