राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक पोस्ट कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देशानुसार, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन अजय बैरागी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फेसबुक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के मामले में दिया गया।

कांग्रेसी पदाधिकारियों ने बताया कि अजय बैरागी द्वारा फेसबुक पर किया गया पोस्ट न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भंग करने और सार्वजनिक शांति को खतरे में डालने वाला है। उक्त पोस्ट में लिखा गया था  गांधी देश के लिए नहीं मरे बल्कि देश को बचाने के लिए गांधी को मारा गया। नाथूराम गोडसे अमर रहे।”

इस प्रकार की टिप्पणी, जो महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे के समर्थन में की गई है, अत्यंत निंदनीय है और इसे सार्वजनिक मंच पर साझा करना विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता, घृणा और तनाव फैलाने का कार्य कर सकता है।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि इस पोस्ट से पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुँची है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध शीघ्र उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर मुख्य रूप से महामंत्री निकेतराज झा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान, सुषमा सुता, विधि विभाग अध्यक्ष सायमा अशरफ, सहदेव नाग, बी. ललिता राव, विजेंद्र ठाकुर, एस. नीला, उस्मान रजा, रजत जोशी, खीरेंद्र यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *