राहत पंहुचाने के नाम पर खानापूर्ति कर रही सरकार, बाढ़ पीड़ितों के लिए केंद्र/राज्य सरकार विशेष पैकेज की करे घोषणा – दीपक बैज

जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज जगदलपुर स्थित राजीव भवन में प्रेसवार्ता कर बस्तर में बाढ़ की भयावह स्थिति पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पिछले सौ साल में ऐसा कहर बस्तर में नहीं देखा गया। भारी बारिश से सड़कों, पुल-पुलियों के साथ खेती-किसानी पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है और लोग बेघर होकर राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं।

दीपक बैज ने बताया कि लगातार तीन दिनों तक दंतेवाड़ा, बाँगापाल, बड़े तुमनार, आवराभाटा, सुरभि कॉलोनी, बालपेट (भैरमबद) सहित कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। पीड़ितों ने उनसे कहा कि राहत सामग्री नाकाफी है। कुछ को राशन मिला तो कुछ को नहीं, वहीं 4-5 लोगों के परिवार को महज 100 ग्राम दाल और 3 किलो चावल दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “सरकार राहत पहुंचाने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। जिनका सबकुछ बर्बाद हो गया, उन्हें केवल 3-4 हजार की मदद दी जा रही है।”

उन्होंने कहा कि खाना बनाने का सारा सामान बह जाने से ग्रामीणों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट है। पका हुआ भोजन भी गांव से तीन किलोमीटर दूर मिल रहा है, जिससे लोग घंटों परेशान हो रहे हैं। गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को दवाइयों व इलाज की भारी किल्लत है।

सरकार से प्रमुख मांगें

  • प्रत्येक प्रभावित परिवार को 50 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता और 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।

  • प्रभावित घरों का निर्माण तत्काल शुरू किया जाए।

  • टूटे हुए मार्गों, पुल-पुलियों की मरम्मत कर आवागमन बहाल किया जाए।

  • स्वास्थ्य सुविधाएं व दवा कैंप तत्काल चालू किए जाएं।

  • स्कूली बच्चों को किताबें, कॉपी, ड्रेस और बस्ता उपलब्ध कराया जाए।

  • सभी प्रभावित परिवारों के लिए पके भोजन की सुचारू व्यवस्था की जाए।

दीपक बैज ने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब बस्तर बाढ़ से जूझ रहा था तब प्रदेश के मुखिया विदेश दौरे पर थे। “अगर मुख्यमंत्री संवेदनशील होते तो जापान-कोरिया का दौरा बीच में छोड़कर तुरंत बस्तर आते,” उन्होंने कहा। साथ ही गृह मंत्री अमित शाह, उप मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के नहीं आने पर भी सवाल उठाए।

बैज ने केंद्र और राज्य सरकार से बस्तर के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का दंभ भरने वाली भाजपा अब साबित करे कि वह संकट की घड़ी में बस्तरवासियों के साथ है।

प्रेसवार्ता में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, कविता साहू, राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान, अजय बिसाई सहित कई नेता मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री से मुलाकात की कोशिश करने पर पुलिस ने दीपक बैज को थाने में रोक दिया। इसके बाद उन्होंने दंतेवाड़ा टीआई से बातचीत कर बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *