नैमेड़ कन्या पोटा केबिन की नौवीं कक्षा की छात्रा ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

बीजापुर। नैमेड़ स्थित आवासीय विद्यालय कन्या पोटाकेबिन में आज एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा पिंकी कुरसम पिता: भीमा कुरसम, ग्राम: चिनाकवाली ने आज रात अपने छात्रावास के कमरे में ही दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

प्रार्थना के बाद एकाएक उठा खौफ

जानकारी के अनुसार, पिंकी अपनी तीन अन्य सहेलियों के साथ एक कमरे में रहती थी। शाम को वह अन्य छात्राओं के साथ प्रार्थना सभा में भी शामिल हुई थी। इसके बाद सभी छात्राएं अपने-अपने कमरों में चली गईं। जब रात के भोजन के लिए सभी छात्राएं मेस की ओर जा रही थीं, तब पिंकी भोजन के लिए नहीं पहुंची। उसकी सहेलियों ने जब उसे कमरे में न देखकर खोजबीन की, तो वे बगल के कमरे में पहुंचीं जहां छात्राओं के कपड़े सुखाए जाते थे। वहां उन्होंने देखा कि पिंकी ने दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी।
फिलहाल, पिंकी द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल उच्च अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कल शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा और उसके बाद ही मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।

भ्रष्टाचार के साए में पोटाकेबिन हाल ही में हुए थे तबादले

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पोटाकेबिन में हुए भ्रष्टाचार को लेकर हाल ही में 26 वार्डनों का तबादला किया गया था। इनमें नैमेड़ पोटाकेबिन की अधीक्षिका भी शामिल थीं। पूर्व में चंद्रकांता कुड़ियम जहां अधीक्षिका थीं, वहीं अब कुंती जुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, हालांकि उन्होंने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। ऐसे में, नई अधीक्षिका के चार्ज संभालने से पहले ही यह खौफनाक घटना सामने आने से विद्यालय के प्रशासनिक ढांचे पर भी सवाल उठ रहे हैं।

परिजनों का आरोप सूचना भी देर से मिली, मिलने से रोका जा रहा

पिंकी के परिजन भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे। उसके पिता भीमा ने बताया कि उनकी बेटी रक्षाबंधन पर घर आई थी। उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी दूसरों के माध्यम से मिली है, न कि पोटाकेबिन प्रबंधन से। परिजनों का आरोप है कि उन्हें अस्पताल में अपनी बेटी के शव से मिलने भी नहीं दिया जा रहा है, और वे यह भी कह रहे हैं कि वार्डन या पूरा प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा: जांच टीम गठित, दोषियों पर होगी कार्रवाई

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एलएल धनेलिया ने बताया कि शाम को छात्रा मेस में भोजन के लिए नहीं पहुंची थी। जब उसकी सहेलियों ने उसे दूसरे कमरे में देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है और यदि कोई भी दोषी पाया जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन आत्महत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *