
रायपुर। राजधानी रायपुर के जोरा स्थित यूको बैंक में रविवार की रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोरों ने बैंक की पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन लॉकर को तोड़ने में वे सफल नहीं हो पाए। हालांकि, बैंक के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पाया गया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात में योजना बनाकर बैंक में घुसने की कोशिश की। उन्होंने लॉकर को काफी देर तक तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह बैंक खोलने पर कर्मचारी अंदर की स्थिति देखकर हैरान रह गए। पीछे की खिड़की टूटी हुई थी और लॉकर को भी नुकसान पहुंचा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है और पुलिस अब चोरी की कोशिश में शामिल चोरों की तलाश में जुट गई है।