डीएवी स्कूल उलनार में किशोर बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

बस्तर। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में किशोर बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम किशोरी उम्र (11 से 18 वर्ष) में होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक बदलावों के बारे में बच्चों को सही जानकारी देने और उन्हें अपने शरीर की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

विद्यालय प्राचार्य मनोज शंकर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग उलनार की श्यामा ठाकुर ने किशोरियों को शारीरिक बदलाव, स्वच्छता और जीवन में सफलता के लिए आवश्यक कौशलों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो प्रदर्शित कर समझाया गया।

विद्यालय की शिक्षिकाओं मोनिका साहु, सुश्री विजयलक्ष्मी साहू, रिझाना फिलिप, सुमन देवांगन ने बालिकाओं को सही और गलत स्पर्श, व्यक्तिगत सुरक्षा और असुरक्षित परिस्थितियों से निपटने के उपायों के बारे में मार्गदर्शन दिया।

विद्यालय प्राचार्य ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए स्वास्थ्य विभाग का धन्यवाद किया। इस अवसर पर तीसरी से बारहवीं कक्षा तक की सभी बालिकाएं और शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

विद्यालय का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से बालिकाओं में स्वास्थ्य, सुरक्षा और सकारात्मक निर्णय लेने की क्षमता बढ़ती है और वे अपने जीवन में सफल बन सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *