रायपुर। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह केवल व्यक्तिगत हमला नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो देश की सेवा में 24 घंटे जुटे रहते हैं, उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।”
सीएम साय ने आगे कहा कि बिहार में कांग्रेस और आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री के लिए की गई अभद्र टिप्पणी केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह पूरे भारत की आत्मा और संस्कृति पर चोट है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। एक साधारण परिवार से निकलकर, मां के संघर्षों और संस्कारों से गढ़ा पुत्र आज राष्ट्र सेवा में पूरी निष्ठा से समर्पित है और विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ा रहा है।
उन्होंने निष्कर्ष निकाला कि इसलिए प्रधानमंत्री मोदी का अपमान वास्तव में 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का अपमान है। सीएम साय ने कहा कि बिहार की जनता निश्चित रूप से इस तरह की ओछी और नकारात्मक राजनीति को खारिज करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।